भारत ने विज्ञान को अनेक अमूल्य आविष्कार दिए हैं। इनमें से कुछ प्रमुख हैं - 'शून्य','दशमलव प्रणाली', आदि। आधुनिक कंप्यूटर इन सबके बिना अकल्पनीय होते। इन आविष्कारों की सूची में नवीनतम नाम है - मंगलयान।
मंगलयान भारत द्वारा निर्मित पहला अंतरिक्ष यान है जो किसी दूसरे ग्रह तक सफलतापूर्वक पहुंच सका है। इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने निर्मित किया। इस परियोजना के अन्तर्गत मंगल ग्रह की परिक्रमा करने हेतु बनाया गया यह यान आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से पी०एस०एल०वी० सी-25 के द्वारा सफलतापूर्वक 5 नवम्बर 2013 को छोड़ा गया।
इसके साथ ही भारत भी अब उन देशों में शामिल हो गया है जिन्होंने मंगल पर अपने यान भेजे हैं। एक दिलचस्प बात यह है कि मंगल ग्रह पर प्रथम प्रयास में सफलता पूर्वक यान भेजने वाला भारत पहला देश है। साथ ही सबसे कम खर्चे में मंगल पर यान भेजने का श्रेय भी भारत को ही प्राप्त है। इन कारणों  से हमें अपनी मातृभूमि पर गर्व होना चाहिए।